रायपुर। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक हस्तशिल्प कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के कोंडागांव और रायगढ़ से पहुंचे 50 बेलमेटल शिल्पकारों से मुलाकात की। इस दौरान शिल्पकारों ने प्रदेश की पारंपरिक धातु कला और अपनी पीढ़ियों से चली आ रही कारीगरी का प्रतिनिधित्व किया।
यह मुलाकात राष्ट्रपति की इच्छा पर आयोजित की गई थी। छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत शिल्पकारों का प्रतिनिधिमंडल विशेष रूप से नई दिल्ली पहुंचा था। इस अवसर पर हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत और सचिव राजेश सिंह राणा भी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ की बेलमेटल कला, विशेषकर बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा शिल्पकला, अपनी अनूठी निर्माण शैली और बारीक कारीगरी के लिए जानी जाती है। इसमें धातु से देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, लोकजीवन और पारंपरिक आकृतियों को तैयार किया जाता है। कोंडागांव और आसपास के क्षेत्रों के शिल्पकार पीढ़ियों से इस कला को संरक्षित कर रहे हैं।
राष्ट्रपति भवन में हुई इस मुलाकात से प्रदेश के पारंपरिक शिल्पकारों को अपनी कला और सांस्कृतिक विरासत प्रस्तुत करने का अवसर मिला। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक हुनर और हस्तशिल्प की विशिष्ट पहचान को देशभर में सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।