बिलासपुर जिले के तखतपुर में युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक अध्ययन सुविधाएं मिलने जा रही हैं। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने 4 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 250 सीटर नालंदा परिसर का शिलान्यास किया। इसके साथ ही 1 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से परमेश्वरी तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन भी किया। नालंदा परिसर का निर्माण जीएमपी स्कूल के समीप किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि बड़े सपने, मजबूत संकल्प और निरंतर मेहनत से ही सफलता हासिल की जा सकती है। कठिन परिस्थितियां और संसाधनों की कमी लक्ष्य प्राप्त करने में बाधा नहीं बन सकतीं, यदि व्यक्ति के भीतर दृढ़ इच्छाशक्ति और आगे बढ़ने का जुनून हो। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई करने की सलाह दी।
इस दौरान ओ.पी. चौधरी ने अपने संघर्ष से सफलता तक की यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी शुरुआती पढ़ाई रायगढ़ जिले के एक गांव के सरकारी स्कूल में हुई, जहां शिक्षकों और शैक्षणिक संसाधनों की कमी थी। सिविल सेवा की तैयारी के दौरान जरूरी किताबें जुटाने के लिए भी उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने मसूरी की प्रशासनिक प्रशिक्षण अकादमी से जुड़ा प्रसंग सुनाते हुए बताया कि एक बार वहां प्रवेश नहीं मिलने पर उन्होंने संकल्प लिया था कि वे आईएएस अधिकारी बनकर ही इस अकादमी में लौटेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से सीखने और अपने सपनों पर विश्वास बनाए रखने की सलाह दी।
वित्त मंत्री ने कहा कि शिक्षा और पुस्तकालयों में निवेश करना प्रदेश और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए जरूरी है। उन्होंने बताया कि रायपुर कलेक्टर रहते हुए लगभग 19 करोड़ रुपए की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण कराया गया था, जहां वर्तमान में करीब तीन हजार युवा अध्ययन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के 22 स्थानों पर नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। तखतपुर में बनने वाला परिसर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा।
विद्यार्थियों के कैरियर मार्गदर्शन के लिए वित्त मंत्री ने तखतपुर को एक हजार पुस्तकें उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्कूली जीवन से ही विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार कैरियर का चुनाव करना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक धरमजीत सिंह ने नालंदा परिसर को क्षेत्र के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया। उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
वित्त मंत्री ने किसानों की समस्याओं पर भी बात की। उन्होंने नर्मदा व्यपवर्तन योजना सहित दो सिंचाई परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही किसानों से धान विक्रय के दौरान कोचियों और बिचौलियों के बहकावे में नहीं आने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद के दौरान वित्त मंत्री ने सामान्य ज्ञान और सिविल सेवा से जुड़े प्रश्न पूछे। सही जवाब देने वाले छात्र आयुष जांगड़े को एक हजार रुपए की पुरस्कार राशि देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिता कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष माधवी वस्त्रकार, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।