रायपुर, जनजातीय अंचलों के बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने के लिए विज्ञान भारती की ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूली बच्चों को इसरो के उपग्रहों के मॉडल और अंतरिक्ष अभियानों से जुड़ी जानकारियां दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान संस्था के प्रतिनिधि वर प्रसाद कोला ने संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों को वैज्ञानिक उपलब्धियों से परिचित कराने के प्रयासों की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और नवाचार के प्रति जिज्ञासा नई पीढ़ी के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों से जोड़ने से उनमें नई चीजों को जानने और समझने की रुचि बढ़ेगी। इससे बच्चों को भविष्य में विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसरों की जानकारी भी मिलेगी।
विज्ञान भारती के प्रतिनिधि वर प्रसाद कोला ने बताया कि विज्ञान भारती राष्ट्रीय स्तर की संस्था है, जिसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। संस्था स्वदेशी विज्ञान आंदोलन के माध्यम से भारतीय वैज्ञानिक परंपराओं और आधुनिक विज्ञान के बीच संवाद स्थापित करने का काम कर रही है। इसमें वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ युवा वैज्ञानिक और विभिन्न वैज्ञानिक संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञ भी योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ‘स्पेस ऑन व्हील’ एक विशेष वाहन है, जिसमें इसरो द्वारा प्रक्षेपित उपग्रहों के मॉडल और अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित प्रदर्शन सामग्री रखी जाती है। इसके साथ मौजूद वैज्ञानिक और प्रशिक्षित शिक्षक बच्चों को सरल भाषा में उपग्रहों की कार्यप्रणाली, अंतरिक्ष अभियानों और वैज्ञानिक अनुसंधान के बारे में समझाते हैं। इस पहल से उन बच्चों को भी अंतरिक्ष विज्ञान को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है, जो दूरस्थ क्षेत्रों में रहते हैं और बड़े वैज्ञानिक संस्थानों तक आसानी से नहीं पहुंच पाते।
इस अवसर पर शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. कुशकुमार नायक और एनआईटी रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार सिसोदिया भी उपस्थित रहे।