रायपुर, प्रदेश के स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने संभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पाठ्यक्रम पूरा कराया जाए। साथ ही शिक्षकों की उपलब्धता, विद्यार्थियों की पढ़ाई और स्कूलों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए।
मंत्री ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिक्षकों के अवकाश पर रहने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था की जाए। उन्होंने तिमाही परीक्षा परिणामों के आधार पर कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनकी पढ़ाई में सुधार लाने और अर्धवार्षिक व बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराने के निर्देश दिए। गणित, शब्द ज्ञान और नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मंत्री ने प्रत्येक शनिवार स्कूलों में कम से कम एक घंटे योग और खेलकूद गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्काउट-गाइड और एनसीसी गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा शारीरिक शिक्षा शिक्षकों के प्रशिक्षण पर जोर दिया। राष्ट्रीय पर्वों, त्योहारों और वीर शहीदों की जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को भी कहा।
स्कूलों में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मंत्री ने ‘हमारा स्वच्छ स्कूल’ अभियान के तहत नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण होना जरूरी है। इसके लिए शिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिक्षकविहीन और एकल शिक्षक वाले स्कूलों में जरूरत के अनुसार शिक्षकों की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।
बैठक में जर्जर स्कूल भवनों, शिक्षकों के लंबित सेवा प्रकरणों, पेंशन, निलंबन और न्यायालयीन मामलों की भी समीक्षा की गई। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण करने और जिला शिक्षा अधिकारियों की नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन, स्वच्छता और विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।