रायपुर, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं की शिक्षा, कौशल, मेहनत और नवाचार ही देश की प्रगति को नई दिशा देंगे। यह बात राज्यपाल रमेन डेका ने रायपुर के लोक भवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में विभिन्न राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कही।
‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित यह सात दिवसीय शिविर 17 से 23 नवंबर तक चल रहा है। इसमें महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा हिस्सा ले रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि भारत की लगभग 35 प्रतिशत आबादी युवा है और यही शक्ति वर्ष 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने में अहम योगदान देगी। उन्होंने युवाओं से अपने हर कार्य को पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि ऐसे शिविर विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को समझने का अवसर देते हैं। इससे राष्ट्रीय एकता, आपसी सद्भाव और नेतृत्व क्षमता मजबूत होती है। उन्होंने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए इसे मातृभूमि के प्रति प्रेम और समर्पण का प्रतीक बताया। युवाओं को सफलता के लिए धैर्य, अनुशासन, समय की पाबंदी और निरंतर मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह भी दी।
ग्रामीण विकास पर जोर देते हुए राज्यपाल ने युवाओं से गांवों की ओर रुख करने और वहां रोजगार की संभावनाएं तलाशने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि को केवल पारंपरिक पेशे तक सीमित न रखकर उद्यमिता और स्टार्टअप से जोड़ने की जरूरत है। जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर युवा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बना सकते हैं।
बस्तर में हो रहे बदलावों का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि बेहतर सुरक्षा व्यवस्था से क्षेत्र में शांति और विकास का माहौल तैयार हुआ है। जिन इलाकों में पहले संचार सुविधाओं का अभाव था, वहां अब मोबाइल टावर, रेडियो और टेलीविजन की पहुंच बढ़ रही है। बच्चों की स्कूलों में नियमित उपस्थिति भी क्षेत्र में आ रहे सकारात्मक बदलावों को दर्शाती है।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया और उनके सवालों का जवाब देते हुए मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर ‘मेरा युवा भारत’ के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित लोक भवन के अधिकारी और विभिन्न राज्यों के युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।