गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित ‘भारत पर्व 2026’ में छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग की लोकसंस्कृति और बदलते स्वरूप की झलक देखने को मिली। 1 से 15 नवंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव में बस्तर के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए क्षेत्र की परंपरा, कला और विकास की कहानी पेश की। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और गुजरात पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के करीब 5 हजार कलाकारों ने हिस्सा लिया।

कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड के ग्राम बींजे और धनोरा के ‘बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप’ के 75 कलाकारों ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के कलाकारों के साथ मिलकर उन्होंने लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति में लोक गायक सिद्धार्थ महाजन, तिलकराम दुग्गा और भूपेंद्र साहू का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास’ तक बस्तर की यात्रा पर आधारित नाट्य मंचन रहा। कलाकारों ने दिखाया कि किस तरह क्षेत्र में नक्सलवाद की चुनौतियों के बीच अब विकास की नई संभावनाएं आगे बढ़ रही हैं। प्रस्तुति में गांवों तक सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और कॉलेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा आदिवासी समुदाय के जीवन में आ रहे बदलावों को दर्शाया गया।

इसके साथ ही पारंपरिक मांदरी लोकनृत्य ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। मांदर, ढोल और झांझ जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर कलाकारों ने अपनी संस्कृति की जीवंत झलक पेश की। वहीं छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित बस्तर के बांस शिल्प और पारंपरिक हस्तकला को भी लोगों ने सराहा। महोत्सव के मुख्य थीम पवेलियन में देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की गई।

भारत पर्व में बस्तर के कलाकारों की भागीदारी ने क्षेत्र की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाई। साथ ही इस प्रस्तुति के माध्यम से बस्तर में हो रहे बदलाव, विकास की नई उम्मीदों और आदिवासी संस्कृति की समृद्ध परंपरा को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *