उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्मार्ट ठेला पंजीयन का किया शुभारंभ, हितग्राहियों और प्रतिभाशाली बच्चों को किया सम्मानित
बिलासपुर। छोटे कारोबारियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में संभाग स्तरीय स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना ने ठेला-खोमचा लगाने वाले छोटे कारोबारियों को आर्थिक सहारा दिया है। अब वे अपनी कमाई का उपयोग कारोबार बढ़ाने, बच्चों की पढ़ाई और परिवार की खुशहाली के लिए कर पा रहे हैं।
कार्यक्रम में अरुण साव ने स्मार्ट ठेला पंजीयन की शुरुआत की और इसका पोस्टर जारी किया। उन्होंने पथ विक्रेताओं को यूपीआई से जुड़े डिजिटल भुगतान साउंड बॉक्स भी वितरित किए। साथ ही उत्कृष्ट हितग्राहियों और उनके प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत बिना गारंटी ऋण मिलने से छोटे कारोबारियों को अपना व्यवसाय शुरू करने और आगे बढ़ाने का अवसर मिला है। योजना में समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राही क्रमशः 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण लेकर कारोबार का विस्तार कर सकते हैं।
उप मुख्यमंत्री ने पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेन-देन अपनाने और सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि पात्र हितग्राहियों के लिए 30 हजार रुपये तक की यूपीआई लिंक्ड क्रेडिट कार्ड सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में बताया गया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 1.23 लाख से अधिक हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि योजना के तहत 282 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया गया है। योजना में ब्याज सब्सिडी और डिजिटल लेन-देन पर प्रोत्साहन का भी प्रावधान है। सम्मेलन में सफल पथ विक्रेताओं की कहानियों पर आधारित वीडियो दिखाया गया। साथ ही स्वनिधि चौपाल के माध्यम से हितग्राहियों की समस्याएं सुनी गईं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों तथा नगरीय निकायों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी, कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे।