शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों का किया दौरा, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर देने पर दिया जोर
रायपुर। बस्तर के जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने 16 नवंबर को नारायणपुर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भविष्य के सपनों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
मंत्री वर्मा ने कुम्हारपारा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई और उनकी रुचियों के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा होती है। सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विद्यालय की कक्षाओं, शौचालयों, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया।
इसके बाद मंत्री ने बखरूपारा स्थित निरामय आरोग्य संस्थान के बालक एवं बालिका छात्रावास का दौरा किया। यहां उन्होंने नक्सल प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों से आए बच्चों से संवाद किया तथा उनके रहन-सहन, पढ़ाई और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बस्तर के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उचित मार्गदर्शन मिलने से वे भी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकते हैं।
मंत्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। शिक्षा के माध्यम से बच्चों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निरामय आरोग्य संस्थान द्वारा बच्चों की शिक्षा और भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।