9 नवंबर से संशोधित एमआरपी प्रभावी, अस्पतालों और मेडिकल स्टोर को मूल्य सूची प्रदर्शित करने के निर्देश छत्तीसगढ़ में कैंसर के मरीजों को 137 गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी दवाओं की संशोधित कीमतों का लाभ देना अनिवार्य कर दिया गया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने दवा कंपनियों, वितरकों, मेडिकल स्टोर, अस्पतालों और कैंसर उपचार संस्थानों को नई अधिकतम खुदरा कीमतों (एमआरपी) का पालन करने के निर्देश दिए हैं। संशोधित कीमतें 9 नवंबर 2026 से लागू हो चुकी हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने 17 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत इन दवाओं पर व्यापार मार्जिन युक्तिकरण लागू किया है। इसका उद्देश्य दवाओं की कीमतों में किए गए संशोधन का लाभ सीधे मरीजों तक पहुंचाना है। अस्पतालों और मेडिकल स्टोर में दिखानी होगी नई मूल्य सूची सभी संबंधित प्रतिष्ठानों और चिकित्सा संस्थानों को संशोधित मूल्य सूची ऐसी जगह प्रदर्शित करनी होगी, जहां मरीज और उनके परिजन आसानी से उसे देख सकें। जहां सुविधा उपलब्ध है, वहां वेबसाइट पर भी मूल्य सूची जारी करनी होगी। अस्पतालों को मरीजों को दी जाने वाली कैंसर रोधी दवाओं की कीमतों का नई सूची से नियमित मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मरीज से संशोधित एमआरपी से अधिक राशि नहीं ली जा सकती। साथ ही दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और उनकी कमी रोकने के लिए भी जरूरी कदम उठाने होंगे। निर्धारित कीमत से अधिक वसूली या नियमों का उल्लंघन करने पर औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश, 2013 और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। ज्यादा कीमत वसूलने या दवा नहीं मिलने पर यहां करें शिकायत मरीज और उनके परिजन दवाओं की अधिक कीमत वसूली या अनुपलब्धता की शिकायत इन माध्यमों से कर सकते हैं:
  • छत्तीसगढ़ मूल्य निगरानी एवं संसाधन इकाई: 9340597097
  • एनपीपीए हेल्पलाइन: 1800-111-255
  • ईमेल: cg-pmru@cg.gov.in
  • एनपीपीए ईमेल: monitoring-nppa@gov.in
  • नियंत्रक कार्यालय: controllerraipur@gmail.com
  • फार्मा सही दाम ऐप/पोर्टल
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों से दवा खरीदते समय संशोधित कीमत की जांच करने और किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *