बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान जिला कार्यालय में शासकीय कर्मचारियों के लिए आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। भारतीय स्टेट बैंक के बिलासपुर अंचल द्वारा सीएसआर पहल के तहत स्थापित इस केंद्र में कर्मचारियों को कंप्यूटर संचालन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में आधुनिक तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। बदलते समय के साथ शासकीय कर्मचारियों का डिजिटल रूप से दक्ष होना जरूरी है। कंप्यूटर और एआई जैसी तकनीकों के उपयोग से प्रशासनिक कार्यों को सरल और तेज बनाया जा सकता है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर शासकीय सेवाएं मिल सकेंगी।
प्रशिक्षण केंद्र में कर्मचारियों को डिजिटल कार्यप्रणाली और कार्यालयीन कामकाज में एआई के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा के तहत ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, संदिग्ध लिंक की पहचान, सुरक्षित पासवर्ड और डेटा की गोपनीयता जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ सरकारी दस्तावेजों और नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा भी जरूरी है। यह केंद्र कर्मचारियों के कौशल विकास के साथ ई-गवर्नेंस को मजबूत करने और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने में सहायक होगा। उन्होंने इस पहल के लिए भारतीय स्टेट बैंक की सराहना की।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।