नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की प्राचीन पांडुलिपियां और ऐतिहासिक ताम्रपत्र लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। छत्तीसगढ़ पवेलियन में 16वीं शताब्दी की स्वर्ण अक्षरों में लिखी श्रीमद्भगवद्गीता की दुर्लभ पांडुलिपि विशेष आकर्षण बनी हुई है। इसके साथ ही वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र भी प्रदर्शित किया गया है, जो प्रदेश की ऐतिहासिक और अभिलेखीय विरासत को दर्शाता है।

छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय द्वारा लगाई गई इस प्रदर्शनी में विभिन्न कालखंडों की दुर्लभ पांडुलिपियां रखी गई हैं। इनमें रामायण के बालकांड और किष्किंधा कांड, राधा विनोद महाकाव्य, ज्योतिष शास्त्र और आयुर्वेद से संबंधित प्राचीन ग्रंथ शामिल हैं।

प्रदर्शनी में ताड़पत्रों पर लिखी पांडुलिपियां भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं। प्राचीन समय में कागज के प्रचलन से पहले ताड़पत्रों पर महत्वपूर्ण ग्रंथ और जानकारियां लिखकर सुरक्षित रखी जाती थीं। वहीं ताम्रपत्रों का उपयोग राजकीय आदेशों और ऐतिहासिक घटनाओं के अभिलेख के रूप में किया जाता था। इन धरोहरों के माध्यम से आगंतुकों को प्रदेश की प्राचीन ज्ञान और लेखन परंपरा को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।

भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 के प्रथम तल पर 1000 वर्गमीटर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ पवेलियन तैयार किया गया है। यहां ऐतिहासिक धरोहरों के साथ प्रदेश की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। मेले के दौरान जूरी सदस्यों ने भी पवेलियन का भ्रमण किया। इस दौरान लोक कलाकारों ने पारंपरिक गेंड़ी नृत्य की प्रस्तुति देकर उनका स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर तक चलेगा। इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ अपनी ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक विकास को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *