रायपुर : 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और समृद्धि की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। खासतौर पर बस्तर में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े कामों को तेज करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बस्तर के नवनिर्माण का यह स्वर्णिम समय है।

बेटियों के लिए बड़ा ऐलान

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 सरकारी स्कूलों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।

किसानों और ग्रामीण विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में धान की खरीदी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसल लेने वाले किसानों को 15 हजार रुपए की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।

सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपए से अधिक की मंजूरी का भी उल्लेख किया गया। वहीं सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

युवाओं के लिए रोजगार और AI पर फोकस

मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, कौशल, खेल और नवाचार के नए अवसर तैयार करने की बात कही। पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है, जबकि शिक्षक और बिजली कंपनियों में भी भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

सरकार ने 500 करोड़ रुपए के छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन को मंजूरी दी है। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से ज्यादा AI आधारित सेवाएं विकसित करने की योजना है। छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख सरकारी कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।

निवेश से रोजगार बढ़ाने की तैयारी

मुख्यमंत्री के मुताबिक इन्वेस्टर कनेक्ट के जरिए प्रदेश को अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनसे करीब 1.74 लाख रोजगार के अवसर बनने की संभावना है। नवा रायपुर में गारमेंट इकाई, नए औद्योगिक क्षेत्र और स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

बस्तर और पर्यटन को नई पहचान

बस्तर और सरगुजा में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री पर्यटन मिशन पर जोर दिया गया। चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने और वहां टेंट सिटी बनाने की योजना है। वहीं सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर राज्य के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *