सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम में स्वच्छता की शपथ, उत्कृष्ट काम करने वाली स्वच्छाग्रही दीदियों का सम्मान बीजापुर के ऐतिहासिक महादेव तालाब में गांधी जयंती के मौके पर सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों के साथ तालाब परिसर में श्रमदान किया और सफाई अभियान में हिस्सा लिया। अभियान के दौरान तालाब में फैली जलकुंभी और अन्य कचरे को हटाया गया। मंत्री ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों, जलस्रोतों और आसपास के इलाकों को साफ रखने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। केदार कश्यप ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों को साफ रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना से किया गया छोटा प्रयास भी स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ सकता है।

स्वच्छाग्रही दीदियों का सम्मान, स्वच्छता किट भी बांटे

कार्यक्रम में नैमेड़ की स्वच्छाग्रही दीदियों को स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मंत्री ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं नगरपालिका में काम करने वाली स्वच्छता दीदियों को स्वच्छता किट और पीपीई किट भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, उपाध्यक्ष पेरे पुलैय्या, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *