खरतुली के रासेयो स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक से दिया नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण का संदेश धमतरी में सेवा संकल्प अभियान और अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के मौके पर नशामुक्त समाज को लेकर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मोनो नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में हुए कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और जिम्मेदार समाज बनाने में भागीदारी निभाने की अपील की। मंत्री ने कहा कि नशे का असर सिर्फ व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। नशामुक्ति के लिए सरकारी प्रयासों के साथ आम लोगों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों, युवाओं और स्वयंसेवी संगठनों से नशामुक्त भारत अभियान से जुड़कर गांव-गांव में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, बुजुर्गों और युवाओं ने खुद नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे से बचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने नशामुक्ति को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

नुक्कड़ नाटक में दिखाया नशामुक्ति से विकसित भारत का रास्ता

कार्यक्रम का खास आकर्षण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरतुली के राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) और इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के स्वयंसेवकों का नुक्कड़ नाटक रहा। प्राचार्य के मार्गदर्शन और व्याख्याता आकाश गिरी गोस्वामी के लेखन-निर्देशन में तैयार इस प्रस्तुति में नशामुक्त भारत, विकसित भारत-2047 और समाज सेवा जैसे विषयों को सामने रखा गया। नाटक के जरिए बताया गया कि युवाओं की ऊर्जा को नशे से दूर रखकर शिक्षा, कौशल और समाजसेवा से जोड़ा जाए तो वे देश के विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं। प्रस्तुति ने मौजूद लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में सहकारी बैंक अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, निगम सभापति, जिला पंचायत सभापति, जनपद अध्यक्ष, कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, डीएफओ सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *