बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और अपनी संस्कृति की रक्षा का इतिहास है। समाज के महान नायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी को सहभागी बनना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय नायकों को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अपने अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए संघर्ष किया। छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह का योगदान भी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय का भ्रमण कर जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान के इतिहास को जानने का आह्वान किया।
जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों और उच्च शिक्षण संस्थानों के माध्यम से जनजातीय विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी भी विकसित की जा रही हैं।
शिक्षा और रोजगार से युवाओं को जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक कौशल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में पहले नक्सल गतिविधियों के कारण विकास प्रभावित था, वहां अब शांति और सुरक्षा के वातावरण में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित कर ग्रामीण एवं जनजातीय परिवारों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
28 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समारोह में शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान जनजातीय संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य प्रस्तुतियां हुईं और भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष पर लघु फिल्म दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने जनजातीय जननायकों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता दलों को भी बधाई दी गई।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित अन्य अतिथियों ने भी जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर अपने विचार रखे। समारोह में जनप्रतिनिधि, विभिन्न जनजातीय समाजों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।