बालोद जिले के ग्राम भाठागांव (आर) में सोमवार को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने आयुर्वेदिक अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण भी किया। मंत्री गांव में आयोजित देवारी मिलन समारोह में शामिल हुए और ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा प्रदेश की संस्कृति, परंपरा, अस्मिता और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और तीज-त्योहार हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इन्हें संरक्षित रखना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
आयुर्वेदिक अस्पताल और आंगनबाड़ी से मिलेंगी सुविधाएं
मंत्री ने कहा कि ग्राम भाठागांव में आयुर्वेदिक अस्पताल शुरू होने से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से माताओं और बच्चों को पोषण, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि गांवों का सर्वांगीण विकास ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला है।
देवारी मिलन समारोह में ग्रामीणों से किया संवाद
देवारी मिलन समारोह में मंत्री ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि देवारी पर्व सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर विधायक कुंवर सिंह निषाद, गुण्डरदेही जनपद पंचायत सभापति कौशल किशोर साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।