‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ कार्यक्रम में स्वच्छता, आवास, पेयजल और किसान योजनाओं का दिया संदेश
नारायणपुर जिले के सुदूर कोहकामेटा इलाके में सेवा संकल्प अभियान के तहत शिक्षकों ने अनोखे अंदाज में ग्रामीणों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई। ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत शिक्षकों ने खुद मंच संभाला और नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक किया।
शिक्षकों ने सरल संवाद और अभिनय के जरिए योजनाओं की पात्रता और उनसे मिलने वाले लाभों को समझाया। नाटक में स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं को प्रमुखता से शामिल किया गया। साथ ही जिले को नक्सलमुक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी संदेश दिया गया।
नाटक के माध्यम से शिक्षकों ने स्वच्छता, साफ पेयजल, पक्के मकान, कृषि विकास और ग्रामीणों के सशक्तिकरण जैसे मुद्दों को भी सामने रखा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सरकारी योजनाओं की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे, ताकि पात्र परिवार इन सुविधाओं से वंचित न रहें।
शिक्षकों की यह पहल ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी। अभिनय और स्थानीय स्तर पर समझ आने वाले संवादों के जरिए दी गई जानकारी ने लोगों का ध्यान खींचा। इस आयोजन ने शिक्षकों को पढ़ाने के साथ-साथ जनजागरूकता और सामाजिक भागीदारी से जुड़ने का अवसर भी दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत ओरछा के उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।