मधु सिदार और गीता यादव को 11.12-11.12 लाख की विशेष सहायता, 21 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ में होगी पुरुष हॉकी लीग
बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले तीन खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने एशियन गेम्स-2026 की कबड्डी स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी और जूनियर हॉकी एशिया कप-2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार व गीता यादव को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा संजू देवी के लिए घोषित 51 लाख रुपए की सम्मान राशि का चेक भी कार्यक्रम में सौंपा गया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव को 11 लाख 12 हजार रुपए की विशेष सहायता देने की घोषणा की गई। दोनों खिलाड़ियों को तत्काल 2-2 लाख रुपए की सहायता के चेक दिए गए। उप मुख्यमंत्री ने तीनों खिलाड़ियों के साथ उनके परिजनों को भी शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
अरुण साव ने कहा कि बहतराई का यह सेंटर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच दे रहा है। यहीं प्रशिक्षण लेकर इन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक हासिल किया है। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और कठिन परिस्थितियों से आगे बढ़ने की क्षमता विकसित होती है।
21 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ में पुरुष हॉकी लीग
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पुरुष हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। उनके मुताबिक प्रदेश देश का पहला राज्य होगा, जहां इस तरह की हॉकी लीग आयोजित की जाएगी। लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है और इसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी। टीमों के नाम छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान को ध्यान में रखकर रखे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के साथ खेल अधोसंरचना को भी मजबूत कर रही है। मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना के लिए बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके जरिए प्रशिक्षकों, खेल सुविधाओं और जरूरी अधोसंरचना को और बेहतर बनाने की योजना है।
कार्यक्रम के दौरान बहतराई खेल परिसर में नवनिर्मित ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम का उद्घाटन भी किया गया। विधायक सुशांत शुक्ला ने बताया कि करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट सहित अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। वहीं करीब 3 करोड़ रुपए से वातानुकूलन समेत दूसरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। कार्यक्रम में खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।