रायपुर : स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंगलवार को मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की मौजूदा स्थिति, अस्पतालों में मरीजों को मिल रही सुविधाओं और विभागीय व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
दवाइयों की उपलब्धता और अस्पतालों की साफ-सफाई पर जोर
बैठक के दौरान अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई की व्यवस्था और मरीजों को दी जा रही अन्य सुविधाओं की जिलेवार जानकारी ली गई। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक भी जरूरी दवाइयां एवं चिकित्सा सुविधाएं समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को इलाज के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों की स्वच्छता व्यवस्था को हर हाल में दुरुस्त रखने और आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना के अनुरूप प्रभावी ढंग से काम करने पर जोर दिया।
इसके साथ ही चिकित्सा उपकरणों के नियमित रखरखाव, स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति और मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
मंत्री जायसवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और जरूरत के अनुसार तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने को कहा, ताकि आम जनता को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।