रायपुर : राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवार दल, महिला बैगपाइपर बैंड और छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वाड की शानदार प्रस्तुतियों ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। अलग-अलग प्रस्तुतियों में पुलिस के जवानों और प्रशिक्षित श्वानों की दक्षता और अनुशासन देखने को मिला।
हॉर्स शो बना आकर्षण
तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल ने फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेजाबंदी, शो जंपिंग और गैलप राउंड की रोमांचक प्रस्तुतियां दीं। अश्वों पर सवार जवानों के साहस और शानदार प्रदर्शन को देखकर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
महिला बैगपाइपर बैंड की खास प्रस्तुति
आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने भी समारोह में आकर्षक प्रस्तुति दी। 20वीं भारत रक्षित वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 35 सदस्यीय टीम ने अलग-अलग धुनों के साथ क्विक मार्च और स्लो मार्च प्रस्तुत किया।
इस महिला बैंड ने 2022 में हरियाणा के पंचकुला में छह महीने का प्रशिक्षण लिया था। इसके बाद टीम ने अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। हैदराबाद में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस पाइप बैंड प्रतियोगिता में टीम को गोल्ड मेडल मिला था। वहीं सोनबती ठाकुर को बेस्ट कंडक्टर और ऑल राउंडर का खिताब भी मिला।
डॉग स्क्वाड ने दिखाया हुनर
समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वाड ने भी अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। स्क्वाड प्रभारी राज कपूर के नेतृत्व में प्रशिक्षित श्वानों ने अलग-अलग गतिविधियों में हैंडलर्स के निर्देशों का पालन कर दर्शकों को रोमांचित किया।
पुलिस डॉग मैक्स ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया, वहीं प्रशिक्षित श्वानों ने कमल की आकृति में व्यवस्थित होकर अपनी ट्रेनिंग का प्रदर्शन किया। इसके अलावा रिंग में अलग-अलग निर्देशों का पालन करने और आग के बीच से छलांग लगाने जैसे करतब भी दिखाए।
प्रशिक्षित श्वानों ने जमीन में छिपे विस्फोटक पदार्थों और नारकोटिक सामग्री को खोजने के साथ-साथ कई गंधों के बीच निर्धारित गंध की पहचान कर संबंधित व्यक्ति को पहचानने की क्षमता का भी प्रदर्शन किया।