रायपुर : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस और नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारियों को पदक और राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया।
समारोह में धमतरी रक्षित केंद्र के एएसआई रामावतार सिंह राजपूत को 36 वर्षों से अधिक की सेवा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक-2026 से सम्मानित किया गया।
10 पुलिसकर्मियों को भारतीय पुलिस पदक
अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, सराहनीय सेवा और आधुनिक नवाचारों के लिए 10 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को भारतीय पुलिस पदक-2026 दिया गया। इनमें बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल, रायगढ़ के एसएसपी शशिमोहन सिंह, एटीएस नवा रायपुर की एसपी राजश्री मिश्रा समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।
नगर सेना के जवान भी सम्मानित
आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत और जनसेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए नगर सेना राजनांदगांव के नायक उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में बाढ़ बचाव कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं नगर सेना रायपुर के लांस नायक जोगेश्वर कुमार धीवर को उत्कृष्ट गोताखोरी और प्रशिक्षण कार्यों के लिए गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक-2026 दिया गया।
राज्य स्तरीय पुरस्कारों से भी सम्मान
कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति और महिला एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले पुलिस अधिकारियों को राज्य स्तरीय और पुलिस महानिदेशक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
जांजगीर-चांपा के एएसआई रामेश्वर प्रसाद यादव को गुरु घासीदास पुरस्कार, रायपुर की निरीक्षक अर्चना धुरंधर को राज्यपाल पुरस्कार और रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार, गरियाबंद की एसडीओपी निशा सिन्हा को मुख्यमंत्री पुरस्कार दिया गया। वहीं बिलासपुर के निरीक्षक उत्तम साहू को शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार और डीएसपी डी.आर. टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी और विशेष शाखाओं की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट भी प्रस्तुत किया।