रायपुर : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विकास को लेकर कई अहम फैसलों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बस्तर को लेकर उन्होंने कहा कि अब वहां नवनिर्माण का समय है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के जरिए 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ बस्तर संभाग के 39 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। बंद स्कूल फिर से शुरू किए गए हैं और 36 नए स्कूल स्वीकृत किए गए हैं।

किसानों के लिए कई फैसले

CM साय ने कहा कि किसानों को 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ दिया जा रहा है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान की जगह दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसल लेने पर 15 हजार रुपए की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।

सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की मंजूरी दी गई है। वहीं सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

महिलाओं और गरीब परिवारों पर फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख हितग्राही महिलाओं के खातों में अब तक 19,444 करोड़ रुपए भेजे जा चुके हैं। प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के जरिए 73 लाख परिवारों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। आवास योजना के तहत अब तक 24 लाख 50 हजार घर स्वीकृत किए जा चुके हैं और प्रदेश में रोजाना औसतन 1,600 घर बनाए जा रहे हैं।

युवाओं के लिए रोजगार और AI पर जोर

मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, कौशल और नवाचार के अवसर बढ़ाने की बात कही। पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती के साथ शिक्षक, सहायक शिक्षक और बिजली कंपनियों में भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

अग्निवीरों के लिए भी बड़ा फैसला लिया गया है। चार साल की सैन्य सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही गई है।

सरकार ने 500 करोड़ रुपए के छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन को मंजूरी दी है। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से ज्यादा AI आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी। छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख सरकारी कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।

निवेश से रोजगार बढ़ाने की तैयारी

नई औद्योगिक नीति के जरिए निवेश और रोजगार बढ़ाने पर भी सरकार का फोकस है। मुख्यमंत्री के मुताबिक इन्वेस्टर कनेक्ट के जरिए अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

नवा रायपुर में प्रदेश की पहली गारमेंट इकाई, मुंगेली में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड का प्लांट और प्रदेश में 23 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया गया।

‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू

स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे। साथ ही 6,524 गांवों में मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय बनाने की जानकारी दी गई।

पर्यटन और संस्कृति को भी बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरगुजा में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री पर्यटन मिशन की बात कही। चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने और वहां टेंट सिटी बनाने की योजना है। सिरपुर को भी विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए चित्रोत्पला फिल्म सिटी और लोकगायिका स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई की विरासत को सहेजने के लिए ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ शुरू करने का निर्णय बताया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य सभी का साझा लक्ष्य है। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर राज्य के विकास में योगदान देने की अपील की।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *