केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया उद्घाटन, 16 एकड़ में विकसित पार्क से नवा रायपुर को मिलेगी ‘पीपल सिटी’ की पहचान
रायपुर, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया। करीब 16 एकड़ में विकसित यह पार्क विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की परिकल्पना के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश देगा।
पार्क में अब तक 2,500 से अधिक पीपल और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करना है। साथ ही शहर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। पौधों की बढ़ती संख्या से शहर के हरित क्षेत्र और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस परियोजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जोड़कर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों तक राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भरता का संदेश पहुंचाना है। पार्क को इस तरह विकसित किया गया है कि आधुनिक शहरी विकास के साथ प्रकृति का संतुलन भी बना रहे। यह स्थान लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।
नवा रायपुर में ‘People for Peepal’ अभियान के तहत पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी जोर दिया जा रहा है। अभियान का मकसद नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और इसे जनभागीदारी का रूप देना है। भारतीय संस्कृति में पीपल के वृक्ष का विशेष महत्व है। इसी सांस्कृतिक जुड़ाव को प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
लोकार्पण कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।