12 से 60 वर्ष तक के नागरिकों को मिलेगा एक महीने का निःशुल्क प्रशिक्षण, डिजिटल साक्षरता और साइबर सुरक्षा की दी जाएगी जानकारी
जशपुर, ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देने के लिए जशपुर में नई पहल शुरू की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को अपने जशपुर प्रवास के दौरान डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल के तहत जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों, युवाओं और महिलाओं को निःशुल्क डिजिटल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एनआईआईटी फाउंडेशन द्वारा इंडस टावर्स के सहयोग से संचालित इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को आधुनिक डिजिटल तकनीक से जोड़ना और उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज डिजिटल साक्षरता शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का आधार बन चुकी है। ग्रामीण युवाओं और महिलाओं तक तकनीकी शिक्षा पहुंचने से उनके कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन का अवलोकन कर उसमें उपलब्ध आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वैन में स्थापित डिजिटल उपकरणों के माध्यम से ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस कॉल में भी हिस्सा लिया। उन्होंने एनआईआईटी फाउंडेशन और इंडस टावर्स के संयुक्त प्रयास को ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
एक महीने तक मिलेगा निःशुल्क डिजिटल प्रशिक्षण
यह वैन जशपुर विकासखंड के अलग-अलग गांवों में पहुंचकर 12 से 60 वर्ष तक के नागरिकों को एक महीने का विशेष प्रशिक्षण देगी। इसमें डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और बेसिक आईटी से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान कंप्यूटर और डिजिटल उपकरणों का इस्तेमाल, इंटरनेट की बुनियादी समझ तथा ऑनलाइन तकनीक के सुरक्षित उपयोग का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा।
गांव में ही उपलब्ध होगा तकनीकी प्रशिक्षण
डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन चलते-फिरते प्रशिक्षण केंद्र के रूप में काम करेगी। इससे ग्रामीणों को डिजिटल शिक्षा के लिए शहरों तक जाने की जरूरत कम होगी। खासतौर पर बच्चों, युवाओं और महिलाओं को अपने गांव के आसपास ही तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल जागरूकता बढ़ाने और डिजिटल सुविधाओं तक पहुंच का अंतर कम करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं एनआईआईटी फाउंडेशन के नेशनल हेड पूर्णेन्दु हुड्डा, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जितेंद्र राठौर और इंडस टावर्स के प्रतिनिधि रजनीश सहित टीम के सदस्य उपस्थित थे।