मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ, दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवाएं
जशपुर, जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की चार मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया। इन वाहनों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके नजदीकी हाट-बाजारों में निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। विशेष रूप से जनजातीय बहुल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में किसी भी व्यक्ति को इलाज से वंचित नहीं रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जैसे भौगोलिक रूप से विस्तृत और वनांचल क्षेत्र वाले जिले में मोबाइल मेडिकल यूनिट स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में हाट-बाजार लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा हैं। ऐसे में इन स्थानों पर चिकित्सा सुविधाएं मिलने से ग्रामीण अपने दैनिक कामकाज के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी उठा सकेंगे। इससे इलाज के लिए दूर जाने में लगने वाले समय और खर्च में कमी आएगी।
उन्होंने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में संस्था का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। चार मोबाइल मेडिकल यूनिट की शुरुआत से विशेष रूप से जरूरतमंद और दूरस्थ इलाकों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला हैं। सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ ही जनहितकारी योजनाओं को बढ़ावा दे रही है।
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और सरगुजा संभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।