वन मंत्री केदार कश्यप ने किया शुभारंभ, पिछले साल की तुलना में 15 हजार अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा

नारायणपुर, बस्तर ओलंपिक 2026 को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नारायणपुर जिले में इस वर्ष करीब 63 हजार युवाओं ने प्रतियोगिता के लिए पंजीयन कराया है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 48 हजार थी। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को जिला स्तरीय युवा उत्सव एवं विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक और युवा उत्सव ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच दे रहे हैं। खेलों में हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग है। उन्होंने युवाओं से प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने प्रदर्शन से जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने की अपील की।

कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि इस वर्ष बस्तर ओलंपिक और युवा उत्सव के लिए पंजीयन में पिछले साल के मुकाबले करीब 31 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस बार लगभग 15 हजार अधिक युवाओं ने पंजीयन कराया है। बस्तर ओलंपिक में 11 खेल विधाओं और जिला स्तरीय युवा उत्सव में नौ विधाओं को शामिल किया गया है।

प्रतियोगिताओं की शुरुआत स्कूली छात्राओं के बीच पारंपरिक रस्साकसी से हुई। इसके बाद 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की 100 मीटर दौड़ आयोजित की गई। पहले दिन कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, तीरंदाजी, दौड़ और रस्साकसी सहित विभिन्न खेलों में ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम और जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *