शिल्पग्राम, खाना-खजाना और विभागीय स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र, छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्वाद का आनंद ले रहे लोग
रायपुर, नवा रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 में उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है। मुख्य मंच पर रोजाना हो रही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। वहीं शिल्पग्राम, मीना बाजार और खाना-खजाना जोन में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। परिवार और दोस्तों के साथ आए लोग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के साथ खरीदारी, खानपान और मनोरंजन का भी लुत्फ उठा रहे हैं।
राज्योत्सव का शिल्पग्राम अपनी साज-सज्जा और पारंपरिक उत्पादों के कारण लोगों का ध्यान खींच रहा है। यहां स्थानीय शिल्प और कला से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। परिसर में बनाए गए सेल्फी सेंटर के अलावा अलग-अलग स्थानों पर लोग तस्वीरें लेते नजर आ रहे हैं। मुख्य मंच के सामने बने छोटे मंच पर स्थानीय कलाकारों की संगीत प्रस्तुतियां भी माहौल को खास बना रही हैं।
खाना-खजाना जोन में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के साथ कई तरह के फास्ट फूड और नाश्ते उपलब्ध हैं। यहां पहुंचने वाले लोग फरा, चीला, चौसेला, मुंगोड़ी बड़ा और साबूदाना बड़ा जैसे पारंपरिक पकवानों का स्वाद ले रहे हैं। आयोजकों की ओर से साफ-सफाई और स्वच्छता का ध्यान रखा गया है। किफायती दरों पर अलग-अलग तरह के व्यंजन मिलने से यह जोन परिवारों और युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय नजर आ रहा है।
मीना बाजार भी राज्योत्सव में लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां मनोरंजन के लिए विभिन्न गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। मुख्य मंच पर कार्यक्रम शुरू होने से पहले भी लोग मीना बाजार पहुंचकर समय बिता रहे हैं। इस तरह राज्योत्सव परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनोरंजन और खानपान के लिए भी लोगों को कई विकल्प मिल रहे हैं।
राज्योत्सव में लगाए गए विभागीय स्टॉल भी लोगों को शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी दे रहे हैं। खनिज संसाधन, महिला एवं बाल विकास, खेल एवं युवा कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति एवं पर्यटन, वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम, नगरीय प्रशासन सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। इसके अलावा BALCO, SECL, NTPC, BSNL, भिलाई स्टील प्लांट, NMDC और रेलवे से जुड़ी संस्थाओं के स्टॉल भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं। हर स्टॉल पर विभागों और संस्थाओं की गतिविधियों, योजनाओं तथा उपलब्धियों को अलग-अलग तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।