गरियाबंद के 928 हितग्राहियों के खातों में पहुंचे 24.78 लाख रुपये, श्रमिक कल्याण की 14 योजनाओं के तहत मिली आर्थिक मदद
रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव-2026 में निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता दी गई। राज्य शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत प्रदेश के 54 हजार 84 हितग्राहियों के बैंक खातों में कुल 16 करोड़ 94 लाख 55 हजार 460 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। इसमें गरियाबंद जिले के 928 श्रमिक हितग्राही भी शामिल हैं, जिन्हें 24 लाख 78 हजार 500 रुपये की सहायता मिली।
गरियाबंद जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस दौरान श्रमिक परिवारों को शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की ओर से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके आश्रित परिवारों के लिए 14 कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना और मिनीमाता महतारी जतन योजना प्रमुख हैं। इन योजनाओं के जरिए बच्चों की पढ़ाई, बेटियों के सशक्तिकरण, मातृत्व सहायता और वृद्धावस्था में आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
योजनाओं का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के परिवारों को जरूरत के समय आर्थिक सहारा देना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। डीबीटी के जरिए सीधे बैंक खातों में राशि पहुंचने से भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी है और पात्र हितग्राहियों तक सहायता पहुंचाना आसान हुआ है। सहायता राशि मिलने पर हितग्राहियों ने राज्य शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।