रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का मूल मंत्र है। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिले, यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री शनिवार को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज विकास समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सामाजिक सेवा और अपने दायित्वों के निष्ठापूर्वक निर्वहन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि कंवर समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। संत गहिरा गुरु सहित समाज के पुरोधाओं ने शिक्षा, संस्कार, सेवा और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाया है। नई पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए इसी भावना के साथ मिलकर काम करने की जरूरत है।

शिक्षा को दें सर्वोच्च प्राथमिकता

CM साय ने समाज के प्रबुद्धजनों से शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को उद्यमी, व्यापारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार नागरिक बनने का अवसर देती है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बच्चों और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में 17 प्रयास विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने सक्षम लोगों से जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने की अपील की।

जनजातीय समाज के विकास पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,661 गांवों को शामिल किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों तक सड़क, आवास, बिजली, राशन और नल-जल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद का प्रभाव कम होने के साथ विकास की गति तेज हुई है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं के विस्तार के साथ जनजातीय युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

कंवर समाज के भवनों के लिए 1.55 करोड़ से अधिक की घोषणा

मुख्यमंत्री साय ने कंवर समाज के विभिन्न सामुदायिक भवनों के निर्माण, विकास और जीर्णोद्धार के लिए 1 करोड़ 55 लाख रुपए से अधिक की राशि देने की घोषणा की।

इसमें रायपुर के लाभांडी में निर्माणाधीन कंवर भवन के विकास के लिए 70 लाख रुपए, राजनांदगांव के छुरिया में कंवर समाज भवन के लिए 25 लाख रुपए, तमोरा में सामुदायिक शेड के लिए 10 लाख रुपए, ग्राम खैरझिटी में सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपए, महासमुंद के ग्राम नरतोरा में सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपए, ग्राम झलप में भवन निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख रुपए तथा गरियाबंद के ग्राम जोजरा में कंवर समाज भवन के लिए 10 लाख रुपए शामिल हैं।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत किया पौधरोपण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभांडी स्थित कंवर समाज के निर्माणाधीन सामुदायिक भवन परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सिंदूर का पौधा लगाया। समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्यसभा सांसद नंदकुमार साय ने की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर, कंवर समाज विकास समिति के अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी सहित समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *