अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर समाज के अलग-अलग वर्गों की राय जानने की प्रक्रिया जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को अम्बिकापुर के शासकीय राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सरगुजा संभाग स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसमें संभाग के पांचों जिलों से एक हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया और समान नागरिक संहिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार और सुझाव रखे।

बैठक में राजनीतिक दलों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। UCC समिति के सदस्य एवं सेवानिवृत्त IAS अधिकारी एम.के. राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार, सेवानिवृत्त प्राचार्या डॉ. ज्योति रानी सिंह, उच्च स्तरीय समिति के सचिव एवं रायपुर संभागायुक्त श्याम लाल धावड़े और सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा भी मौजूद रहे।

विवाह, तलाक और विरासत जैसे मुद्दों पर चर्चा

बैठक में समान नागरिक संहिता के तहत विवाह और तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार, विरासत तथा लिव-इन रिलेशनशिप जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। अलग-अलग सामाजिक पृष्ठभूमि से आए प्रतिनिधियों ने इन मुद्दों पर अपनी राय रखी। बैठक में प्रेजेंटेशन के जरिए UCC की मूल अवधारणा, इसके विभिन्न पहलुओं और समिति की ओर से अपनाई जा रही प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

आदिवासी से लेकर धार्मिक संगठनों तक की भागीदारी

सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए। इसमें पंडो, उरांव, गोंड, सर्व आदिवासी, नगेशिया, पनिका, यादव, साहू, ब्राह्मण और राजपूत समाज सहित कई समुदायों के लोगों ने अपनी बात रखी। मुस्लिम सुन्नी समाज, अंजुमन इस्लामिया कमेटी और रोमन कैथोलिक समाज सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने भी चर्चा में भाग लिया।

प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव मौखिक और लिखित, दोनों माध्यमों से समिति के सामने प्रस्तुत किए। बैठक का उद्देश्य अलग-अलग समुदायों की राय को समझना और समान नागरिक संहिता से जुड़े विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करना रहा।

सुझावों के विश्लेषण के बाद तैयार होगा ड्राफ्ट

समिति के सदस्यों के अनुसार, बैठक में मिले सुझावों का विस्तार से अध्ययन किया जाएगा। विभिन्न वर्गों और संगठनों से प्राप्त विचारों को संकलित करने और उनका विश्लेषण करने के बाद ही UCC के अंतिम ड्राफ्ट को तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

ऑनलाइन भी भेज सकते हैं अपनी राय

जो नागरिक या संगठन अम्बिकापुर की बैठक में शामिल नहीं हो सके, वे ऑनलाइन माध्यम से भी अपने सुझाव दे सकते हैं। इसके लिए समिति की आधिकारिक वेबसाइट ucc.cgstate.gov.in या ई-मेल ucc-chhattisgarh@cg.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *