रायपुर, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने जयस्तंभ चौक स्थित मल्टी लेवल पार्किंग के तीसरे माले में संचालित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) वार रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता और अवैध निर्माण पर नियंत्रण सहित शहर के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की। उन्होंने ITMS वार रूम को सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस के रूप में विकसित करने के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। यातायात और स्वच्छता व्यवस्था होगी मजबूत प्रमुख सचिव ने शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात के दबाव, वाहनों की संख्या और सड़कों की क्षमता का आकलन करने पर जोर दिया। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) और नगर निगम की संयुक्त टीम के माध्यम से समन्वित कार्रवाई करने तथा जनजागरूकता अभियान चलाने पर चर्चा हुई। साथ ही प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई, घर-घर कचरा संग्रहण और कचरे के उचित प्रबंधन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। महिला सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर विशेष ध्यान बैठक में महिला सुरक्षा को मजबूत करने और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए ITMS की निगरानी व्यवस्था और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर चर्चा हुई। संबंधित विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। अवैध निर्माण और खुदाई पर होगी निगरानी शहर में अवैध खुदाई और निर्माण गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और नियमों के उल्लंघन पर संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा नागरिकों को यातायात नियमों, सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक कर नागरिक बोध विकसित करने की आवश्यकता बताई गई। निरीक्षण और बैठक के दौरान नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, डीसीपी अर्चना सिंह, एसीपी ट्रैफिक स्नेहिल साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *