रायपुर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वनमंडल में प्रकृति संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने की दिशा में पहल की जा रही है। इसी कड़ी में गौरेला वन परिक्षेत्र के वन चेतना केंद्र धरमपानी में संचालित इको रिजॉर्ट एवं भोजनालय के बेहतर प्रबंधन को लेकर संचालन समिति के सदस्यों के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के पर्यटन प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार और सहायक प्राध्यापकों ने सदस्यों को पर्यटन प्रबंधन एवं आतिथ्य सत्कार से जुड़ी जानकारी दी। प्रशिक्षण का उद्देश्य रिजॉर्ट के संचालन को व्यवस्थित बनाने के साथ पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
प्रशिक्षण के दौरान साफ-सफाई, लेखा प्रबंधन, पर्यटकों के साथ व्यवहार, संवाद कौशल और आतिथ्य सत्कार जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही पर्यावरण पर्यटन के माध्यम से स्थानीय समुदाय के लिए आय और रोजगार के अवसर विकसित करने पर जोर दिया गया।
वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत ने कहा कि इको रिजॉर्ट के सफल संचालन के लिए स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी, पारदर्शिता और आपसी समन्वय जरूरी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए रिजॉर्ट के दीर्घकालिक और सतत संचालन के लिए समिति के सदस्यों को मार्गदर्शन दिया।
समिति के सदस्यों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए आगामी समय में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक में 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इसमें पर्यावरण पर्यटन प्रबंधन, आतिथ्य सत्कार, पर्यटक प्रबंधन, लेखा व्यवस्था और स्वरोजगार से जुड़े विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य धरमपानी इको रिजॉर्ट को आत्मनिर्भर और आदर्श पर्यावरण पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है। इससे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। कार्यक्रम में गौरेला वन परिक्षेत्र अधिकारी, विश्वविद्यालय के विषय विशेषज्ञ और वन प्रबंधन समिति आमानाला के सदस्य उपस्थित रहे।