रायपुर : राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण और अवैध प्रवेश मार्गों के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कार्रवाई तेज कर दी है। रिंग रोड नंबर-1 पर तेलीबांधा में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास बने अनधिकृत प्रवेश मार्ग को बंद कर दिया गया है। वहीं, भाठागांव क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखना है।

अवैध कट से यातायात पर पड़ता है असर

राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनधिकृत कट और प्रवेश मार्गों से वाहनों की आवाजाही सड़क सुरक्षा के लिए चुनौती बन सकती है। ऐसे रास्तों से अचानक मुख्य सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए NHAI नियमों और संबंधित न्यायालयों के निर्देशों के अनुरूप अतिक्रमण तथा अनधिकृत प्रवेश मार्गों पर कार्रवाई कर रहा है।

NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और अनधिकृत प्रवेश मार्गों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

गड्ढों की मरम्मत का काम भी जारी

सड़क सुरक्षा के साथ राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति सुधारने के लिए पैचवर्क रिपेयरिंग भी कराई जा रही है। क्षतिग्रस्त हिस्सों और गड्ढों की पहचान कर उनकी मरम्मत की जा रही है, ताकि वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो और सड़क पर यात्रा सुरक्षित बनी रहे।

अवैध पार्किंग पर भी नजर

NHAI की ओर से अतिक्रमण हटाने के साथ अनधिकृत प्रवेश मार्गों और अवैध पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। प्राधिकरण ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अवैध कट का इस्तेमाल न करें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें और यातायात नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *