रायपुर, छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने की पहल को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। इनमें मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना और पीएम स्वनिधि के समन्वय से शुरू की गई ‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ पहल को ‘इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेस’ श्रेणी में देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है।
नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026 समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव सहित प्रदेश के अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया। इस नवाचार के तहत पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों को एक ही स्थान पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवाइयां और ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल ने बताया कि पीएम स्वनिधि के ऋण शिविरों में पथ विक्रेताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना की मोबाइल मेडिकल यूनिट को इन शिविरों से जोड़ा गया। हेल्थ-कम-लोन कैंप के माध्यम से 41 प्रकार की जांच, 170 प्रकार की जेनेरिक दवाइयां, ऋण आवेदन और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। इससे शिविरों में पहुंचने वाले पथ विक्रेताओं की संख्या 50-60 से बढ़कर 120-150 तक पहुंच गई, जबकि ऋण आवेदन भी 20-25 से बढ़कर 60-70 तक हो गए।
सितंबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच 31 हजार 56 मोबाइल मेडिकल यूनिट शिविरों के माध्यम से 66 हजार 959 पात्र ऋण आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 48 हजार 523 आवेदन स्वीकृत किए गए और 46 हजार 81 पथ विक्रेताओं को कुल 92 करोड़ 93 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया। वहीं, मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत प्रदेश के 172 नगरीय निकायों में 150 मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित हैं। नवंबर 2020 से अक्टूबर 2026 तक इनके माध्यम से 2 लाख 3 हजार 130 स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर 1.41 करोड़ मरीजों का उपचार किया गया तथा 37.37 लाख लैब टेस्ट और 1.24 करोड़ दवाइयों का वितरण किया गया।
इस पहल से महिला पथ विक्रेताओं की भागीदारी भी 45 प्रतिशत से बढ़कर 68 प्रतिशत हो गई है। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवाइयों से प्रत्येक परिवार को सालाना लगभग 5 से 7 हजार रुपये की बचत हो रही है। इसके अलावा 17 नगरीय निकायों में 11 दाई-दीदी क्लीनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं। स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता को एक साथ उपलब्ध कराने वाला यह मॉडल पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ छत्तीसगढ़ के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक सफल नवाचार के रूप में उभरा है।