बारिश से धान नहीं बेच पाए किसानों को मिलेगा नई तिथि का टोकन, व्यवस्थाओं में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई बिलासपुर, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में अपर मुख्य सचिव एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने बिरकोना, सेंदरी, सेमरताल, रानीगांव और सैदा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की चेकलिस्ट के अनुसार जांच की। उन्होंने निगरानी समिति के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने तथा नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की जांच भी अपने सामने कराई, ताकि किसानों को तौल संबंधी किसी तरह की परेशानी न हो। पिछले दो-तीन दिनों में हुई बारिश के कारण खरीदी केंद्रों में किसानों की आवक कम रही। परिसर में फड़ गीले होने से किसान धान बेचने नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस पर पिंगुआ ने निर्देश दिए कि बारिश के कारण टोकन होने के बावजूद धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को उनकी सुविधा के अनुसार आगामी तिथि का नया टोकन जारी किया जाए। उन्होंने किसानों से चर्चा कर बारिश से फसलों पर पड़े प्रभाव की जानकारी भी ली। किसानों ने बताया कि खेतों में पानी भरने के कारण तैयार फसल की हार्वेस्टर से कटाई करने में परेशानी हो रही है। प्रभारी सचिव ने खरीदी के बाद केंद्रों में सुरक्षित रखे धान का भी निरीक्षण किया। तिरपाल से ढके होने के कारण धान को बारिश से नुकसान नहीं पहुंचा है। उन्होंने धान की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं रानीगांव समिति में किसानों के रिकॉर्ड सुधार कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि लगभग 400 किसानों के रिकॉर्ड में त्रुटियां थीं, जिनमें से 250 का सुधार किया जा चुका है। शेष 150 किसानों के रिकॉर्ड सुधार के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। उन्होंने इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। पिंगुआ ने मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरे 21 क्विंटल के मान से आदान सहायता दिए जाने की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को योजनाओं और खरीदी प्रक्रिया से जुड़ी सभी जानकारियां स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें धान विक्रय के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *