धनोरा में भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री, पुल निर्माण से लेकर मिनी स्टेडियम तक की सौगात कोंडागांव, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोंडागांव जिले के धनोरा में आयोजित राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती महोत्सव में शामिल होकर जिले के विकास और कलार समाज के सामाजिक उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सामाजिक भवन, शैक्षणिक सुविधाओं, पुल निर्माण और खेल अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को स्वीकृति देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने केशकाल में कलार समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम धनोरा में संचालित शिशु मंदिर के भवन निर्माण की व्यवस्था करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने से समाज के विकास को गति मिलेगी। क्षेत्रीय आवागमन को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने कोंडागांव और कांकेर जिले को जोड़ने वाली तिमड़ी नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण कराने की घोषणा भी की। इस पुल के निर्माण से दोनों जिलों के बीच आवागमन सुगम होने और स्थानीय लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर में भगवान सहस्त्रबाहु के नाम पर चौक स्थापित कर उनकी प्रतिमा लगाने की घोषणा की। वहीं युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से माकड़ी और मैनपुर में मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए 30-30 लाख रुपये देने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *