राउत नाचा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में निभाई अहम भूमिका, लोकसंस्कृति के संरक्षण में योगदान रहेगा अविस्मरणीय
रायपुर, 23 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रख्यात शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. कालीचरण यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. यादव ने अपना पूरा जीवन छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित किया। उनके निधन से प्रदेश के कला, साहित्य और संस्कृति जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोकनृत्य विधा राउत नाचा को महोत्सव का स्वरूप देने और राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने में डॉ. कालीचरण यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निरंतर प्रयासों और सांस्कृतिक साधना से राउत नाचा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली। लोकपरंपराओं को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उनके प्रयास सदैव याद किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि डॉ. यादव का योगदान केवल लोकनृत्य तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को सहेजने और उसे व्यापक पहचान दिलाने के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।