रायपुर, राजधानी रायपुर के देवपुरी में 125 बिस्तरों वाले सुपर स्पेशलिटी प्रथमेश हॉस्पिटल की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अस्पताल का शुभारंभ करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार प्रदेशवासियों को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आधुनिक चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम होगी और छत्तीसगढ़ मध्य भारत के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में उभरेगा। देवपुरी में लगभग एक एकड़ क्षेत्र में निर्मित अस्पताल के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया और अस्पताल प्रबंधन व चिकित्सकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आधुनिक अस्पतालों की शुरुआत से मरीजों को अपने ही प्रदेश में विशेषज्ञ उपचार मिल सकेगा। इससे दूसरे राज्यों में इलाज कराने पर होने वाला अतिरिक्त खर्च और परेशानियां भी कम होंगी।

प्रदेश में ही मिलेंगी बेहतर उपचार सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकारी और निजी संस्थानों के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। रायपुर सहित अन्य क्षेत्रों में सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों की उपलब्धता बढ़ने से गंभीर बीमारियों के उपचार में मदद मिलेगी। इसका लाभ छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों से आने वाले मरीजों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को उपचार के लिए आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। राज्य सरकार जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत करने के साथ दूरस्थ वनांचलों तथा जनजातीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर भी ध्यान दे रही है।

200 एकड़ में विकसित होगी आधुनिक मेडिसिटी

मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इससे प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के साथ मेडिकल टूरिज्म और स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा। अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों की संख्या बढ़ने से डॉक्टरों, नर्सों, तकनीशियनों तथा पैरामेडिकल कर्मियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े, बल्कि अन्य राज्यों के मरीज भी बेहतर उपचार के लिए यहां आएं। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रबंधन से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के साथ सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को मिलेगा लाभ

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य सुखी और समृद्ध जीवन का आधार है। केंद्र और राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रथमेश हॉस्पिटल से प्रदेशवासियों को बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने के साथ निजी क्षेत्र में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। इससे प्रदेशवासियों को सुपर स्पेशलिटी उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू, प्रथमेश हॉस्पिटल ग्रुप के डॉ. राजीव साहू, डॉ. सारिका साहू सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *