किसानों के हित में राज्य सरकार के फैसले को बताया महत्वपूर्ण, धान खरीदी प्रक्रिया और व्यवस्थाओं की भी ली जानकारी

रायपुर, छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा से कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता देने के निर्णय की उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने सराहना की है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस पहल को किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। बिलासपुर प्रवास के दौरान उन्होंने सर्किट हाउस में खाद्य विभाग और सहकारी बैंक के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश की धान खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अब निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता का लाभ देने का प्रावधान किया गया है। इससे उन किसानों को राहत मिलेगी, जो अपनी घरेलू जरूरतों के लिए कुछ धान सुरक्षित रखते हैं या कम मात्रा में उपज का विक्रय करते हैं। इस फैसले से किसानों को अपनी उपज के उपयोग और बिक्री में अधिक सुविधा मिलने के साथ आर्थिक सुरक्षा भी मिलेगी।

इस दौरान मनोज कुमार पांडेय ने धान खरीदी के लिए किसान पंजीयन, टोकन व्यवस्था, खरीदी केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, धान की तौल और भुगतान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें खाद्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और विभागीय गतिविधियों की प्रगति से भी अवगत कराया।

बैठक में खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक नितिन दीवान, जिला विपणन अधिकारी उपेंद्र खांडे, खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी, सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान विभागीय योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक सुगमता से पहुंचाने और धान खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *