गंभीर बीमारियों के इलाज में मिल रही आर्थिक मदद, पात्र परिवारों को 5 लाख और विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना में 25 लाख रुपये तक का प्रावधान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरी है। राज्य में इस योजना को शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के रूप में लागू किया गया है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारियों के महंगे इलाज के बोझ से बचाना और सभी पात्र लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। प्रदेश में अब तक 2 करोड़ 49 लाख 18 हजार 115 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का 91.9 प्रतिशत है।

योजना के तहत अंत्योदय और प्राथमिकता राशन कार्डधारी परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है। वहीं अन्य पात्र सामान्य राशन कार्डधारी परिवारों को 50 हजार रुपये तक की चिकित्सा सहायता उपलब्ध है। देश और प्रदेश के पंजीकृत सरकारी एवं निजी अस्पतालों में पात्र हितग्राही कैशलेस उपचार करा सकते हैं। कार्ड निर्माण में सूरजपुर जिले ने 97 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत भी 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर दिया जा रहा है।

गंभीर और दुर्लभ बीमारियों के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना भी संचालित है। इसके अंतर्गत पात्र मरीजों को अधिकतम 25 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। जनवरी 2024 से अब तक 3,281 हितग्राहियों के उपचार के लिए 203.07 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। इसमें कैंसर, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, डायलिसिस, हृदय रोग, किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट जैसे महंगे उपचार शामिल हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में बड़ी मदद मिल रही है।

छत्तीसगढ़ के दूरस्थ वनांचलों और जनजातीय क्षेत्रों में भी योजना का लाभ पहुंचाया जा रहा है। बस्तर और सरगुजा संभाग सहित ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र मरीज अब रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और अन्य शहरों के पंजीकृत अस्पतालों में उपचार करा सकते हैं। वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए नागरिक आधिकारिक वेबसाइट beneficiary.nha.gov.in या Ayushman App के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन और ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी चॉइस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और पंजीकृत अस्पतालों में आयुष्मान मित्र की सहायता से कार्ड बनवाया जा सकता है। योजना से संबंधित जानकारी और शिकायत के लिए 104 या राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 14555 पर संपर्क किया जा सकता है। आयुष्मान योजना के माध्यम से प्रदेश में आर्थिक स्थिति के कारण इलाज से वंचित रह जाने वाले परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *