सुबह 11 बजे होगा संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन, स्कूल-कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित
रायपुर, छत्तीसगढ़ में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस समारोह के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।
संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को सुबह 11 बजे जिला, विकासखंड, तहसील और ग्राम स्तर पर शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, नगरीय निकायों और सार्वजनिक संस्थानों में संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया जाएगा। नागरिकों और विद्यार्थियों को MY Gov पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उद्देशिका वाचन में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। यह सुविधा 22 अनुसूचित भाषाओं और अंग्रेजी सहित कुल 23 भाषाओं में उपलब्ध है।
युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए 18 से 26 नवंबर तक MY Gov पोर्टल पर संविधान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसके अलावा स्कूलों और कॉलेजों में निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, संगोष्ठी, परिचर्चा, पोस्टर और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 24 से 26 नवंबर तक आयोजित विकसित भारत युवा संवाद में जिला युवा अधिकारियों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संस्कृति विभाग के सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों को कार्यक्रमों के बेहतर संचालन के लिए जिला स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं। आयोजन के बाद कार्यक्रमों, प्रतिभागियों की संख्या और गतिविधियों का विवरण फोटोग्राफ्स सहित संस्कृति विभाग को भेजना होगा। संविधान दिवस के माध्यम से प्रदेशभर में लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, न्याय और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।