रायपुर,  नक्सलवाद से मुक्ति के बाद अब छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। इसके लिए ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान के तहत बस्तर संभाग के सात जिलों के करीब 5 लाख परिवारों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने और उनकी मासिक आय 20 से 30 हजार रुपए तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बस्तर के प्रत्येक परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए स्थायी रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। परिवारों की रुचि और स्थानीय संसाधनों के आधार पर गतिविधियों का चयन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार इससे वंचित न रहे।

अभियान के तहत बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले की 1,885 ग्राम पंचायतों के 3,964 गांवों को शामिल किया जाएगा। कृषि, वनोपज, पशुपालन और गैर-कृषि उद्यमों के 23 उपक्षेत्रों में करीब 52 उत्पादों को चिन्हांकित किया गया है। इनमें जैविक चावल, मिलेट्स, मसाले, फल-सब्जियां, इमली, महुआ, काजू, बांस, कोसा, शहद, कॉफी, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, ढोकरा शिल्प और पर्यटन प्रमुख हैं।

उत्पादन से लेकर विपणन तक बनेगी व्यवस्था

सरकार अभियान के तहत केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि संग्रहण, भंडारण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन की पूरी व्यवस्था विकसित करेगी। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए ONDC के मायस्टोर सहित डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के सहयोग से दुधारू गाय उपलब्ध कराने और दुग्ध संग्रहण एवं प्रसंस्करण की व्यवस्था विकसित करने की भी योजना है।

अभियान के संचालन के लिए केंद्र और राज्य सरकार के 10 विभागों की 60 योजनाओं का समन्वय किया जाएगा। ग्रामीण परिवारों को बिहान के स्व-सहायता समूहों, सहकारी संस्थाओं, कृषक उत्पादक संगठनों और वन धन विकास केंद्रों से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा पूर्व सुरक्षा कैंपों के स्थान पर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा विकसित करने का प्रस्ताव है, जहां से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

अभियान की शुरुआती गतिविधियां गीदम और कांकेर विकासखंड में पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरू हो चुकी हैं। यहां परिवारों का सर्वेक्षण, प्रशिक्षण और आजीविका कार्ययोजना तैयार की जा रही है। बैठक में उप मुख्यमंत्री ने अलग प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त करने, विभागीय नोडल अधिकारी तय करने और बेहतर समन्वय के साथ अभियान को जमीन पर उतारने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *