मुख्य सचिव विकासशील ने दिए तीन वर्षीय कार्ययोजना बनाने के निर्देश, खर्च के साथ योजनाओं के जमीनी असर का भी होगा आकलनरायपुर, खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए DMF फंड के इस्तेमाल की नई कार्ययोजना तैयार की जाएगी। मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित जिला खनिज न्यास (DMF) की राज्य स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में अधिकारियों को स्थानीय जरूरतों के आधार पर तीन वर्षीय कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि DMF की राशि का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किया जाना चाहिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक जिले में गांवों की जरूरतों, उपलब्ध सुविधाओं और अधोसंरचना का सर्वेक्षण किया जाए। इसके आधार पर तय किया जाए कि किन गांवों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं और कहां विकास कार्यों की जरूरत है। उन्होंने राज्य बजट की योजनाओं और DMF से होने वाले कार्यों की मैपिंग करने को कहा, ताकि एक ही काम पर दोबारा राशि खर्च न हो और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके।
बैठक में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल कल्याण, वृद्धजन और दिव्यांगजन कल्याण, कौशल विकास, स्वच्छता, कृषि और पशुपालन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का मूल्यांकन केवल खर्च हुई राशि के आधार पर न करें, बल्कि यह भी देखें कि उनसे स्थानीय लोगों को कितना लाभ मिला और उनके जीवन स्तर में कितना सुधार आया है।
पारदर्शिता बढ़ाने के लिए वित्तीय वर्ष के अंत में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। इनमें ग्रामीणों को DMF से कराए गए विकास कार्यों और उन पर हुए खर्च की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा वार्षिक ऑडिट, सोशल ऑडिट और फंड वितरण की व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
वहीं, CG DMF पोर्टल 2.0 की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों और सामुदायिक भवनों जैसी सार्वजनिक जगहों पर QR कोड लगाए जाएंगे। इन्हें स्कैन करके नागरिक संबंधित परिसंपत्तियों और विकास कार्यों की जानकारी हासिल कर सकेंगे।