54 हजार से ज्यादा लोगों को मिला रोजगार, AI, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे नए क्षेत्रों में भी बढ़े निवेश के अवसररायपुर, छत्तीसगढ़ अब उद्योग और निवेश के नए हब के रूप में उभर रहा है। प्रदेश में पिछले तीन वर्षों में 3,271 नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे 54 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। वहीं, राज्य को 8.85 लाख करोड़ रुपए के निवेश के 309 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन निवेश प्रस्तावों से आने वाले वर्षों में करीब 2 लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने नवा रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में ये जानकारी दी।
मंत्री देवांगन ने बताया कि औद्योगिक विकास नीति 2024-30, प्रशासनिक सुधारों और सिंगल विंडो व्यवस्था से प्रदेश में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है। प्राप्त निवेश प्रस्तावों में 192 प्रोजेक्ट उन्नत चरण में हैं, 160 का क्रियान्वयन जारी है और 32 इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है। खास बात यह है कि अब तक 24 जिलों में औद्योगिक गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। सरकार ने औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहित करने के लिए 1,594 करोड़ रुपए की सब्सिडी भी वितरित की है।
प्रदेश में अब पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक क्षेत्रों में भी निवेश बढ़ रहा है। पहली बार गारमेंट, चॉकलेट निर्माण, AI डेटा सेंटर पार्क, हाइपरस्केल डेटा सेंटर, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्लोबल BPO, इंट्राओकुलर लेंस और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों की शुरुआत हुई है। इसके अलावा राज्य में 2,700 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हैं, जिनमें 1,500 से ज्यादा पिछले तीन वर्षों में शुरू हुए हैं।
निर्यात के मोर्चे पर भी छत्तीसगढ़ ने प्रगति दर्ज की है। उद्योग सचिव रजत कुमार के अनुसार, प्रदेश का निर्यात 2023-24 में 16,681 करोड़ रुपए से बढ़कर 2025-26 में 18,715 करोड़ रुपए पहुंच गया है। यानी निर्यात में 12.19 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। औद्योगिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 12 जिलों में 24 नए औद्योगिक क्षेत्र और पार्क भी विकसित किए गए हैं।
उद्योग लगाने की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के तहत 25 विभागों की 210 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। ऑनलाइन लैंड मैनेजमेंट सिस्टम से 1,548 एकड़ भूमि का डिजिटल आवंटन किया गया है। वहीं, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और जन विश्वास एक्ट जैसे सुधारों के जरिए उद्योगों से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ को निवेश अनुकूलता और औद्योगिक सुधारों के क्षेत्र में कई उपलब्धियां मिली हैं।