रायपुर में संविधान गौरव दिवस पर प्रदर्शनी का उद्घाटन, ‘संविधान से सुशासन तक’ पुस्तक का विमोचन
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों पर आधारित राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है। राज्य सरकार संविधान के मूल्यों को सुशासन का आधार बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। साथ ही ‘संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़’ पुस्तक का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अंगीकृत किया गया था। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचना समान अवसरों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाया जा रहा है, जिससे युवा पीढ़ी को संविधान के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1975 में नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए थे। लोकतंत्र की रक्षा के लिए हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा। मुख्यमंत्री ने अपने बड़े पिताजी नरहरि साय का उदाहरण देते हुए बताया कि आपातकाल के विरोध में उन्हें 19 महीने जेल में रहना पड़ा था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में बंद की गई सम्मान राशि को फिर से प्रारंभ किया है।
जनजातीय परंपराओं का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता
समान नागरिक संहिता को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इसके अध्ययन और लागू करने की दिशा में समिति का गठन किया गया है। जनजातीय समाज की आशंकाओं को दूर करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों को सुरक्षित रखा जाएगा। समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से इन परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
बस्तर में शांति और विकास का नया दौर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक बस्तर में लोकतंत्र और विकास की राह में बाधाएं पैदा कीं। नक्सली लोकतंत्र की जगह गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन बस्तर की जनता ने कठिन परिस्थितियों में भी लोकतांत्रिक व्यवस्था पर अपना विश्वास बनाए रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है। अब बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास के नए अवसर बन रहे हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
किसानों और महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की लोककल्याणकारी भावना के अनुरूप राज्य सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों और जनजातीय समाज के विकास के लिए काम कर रही है। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से आदान सहायता दी जा रही है, वहीं महतारी वंदन योजना के तहत लाखों महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास की प्रक्रिया में कोई भी वर्ग और क्षेत्र पीछे न छूटे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि संविधान देश को समय और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ने की दिशा देता है। भारतीय न्याय संहिता का लागू होना न्याय व्यवस्था में बदलाव का प्रतीक है। वहीं सांसद संतोष पांडेय ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान और उनकी विरासत को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने कहा कि संविधान नागरिकों को मौलिक अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। उन्होंने नई पीढ़ी को संविधान निर्माण और स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के योगदान से परिचित कराने पर जोर दिया। कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, सुनील सोनी सहित जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।