उच्च शिक्षा मिशन के लिए 50 करोड़ रुपये का बजट, 1.40 लाख विद्यार्थियों को इंटर्नशिप से जोड़ने की योजना, 1295 पदों पर भर्ती की पहल
रायपुर, छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, तकनीक आधारित और रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन, महाविद्यालयों में अधोसंरचना विकास, कौशल प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रिक्त पदों पर भर्ती सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा के साथ कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
प्रदेश के 30 महाविद्यालयों को शिक्षण एवं अनुसंधान के उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लासरूम और उन्नत पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए प्रति महाविद्यालय तीन करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा मिशन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके माध्यम से उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात को वर्तमान 24.5 प्रतिशत से बढ़ाकर वर्ष 2035 तक 50 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत लगभग 1.40 लाख स्नातक विद्यार्थियों को 60 घंटे की अनिवार्य इंटर्नशिप से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में इंटर्नशिप सेल बनाए जा रहे हैं। वहीं, जनजातीय क्षेत्रों के 148 शासकीय महाविद्यालयों में करीब 10 हजार विद्यार्थी अंग्रेजी संप्रेषण कौशल का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए गूगल फॉर एजुकेशन के सहयोग से प्राध्यापकों और अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
महाविद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए कुल 1295 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की पहल की गई है। इनमें प्राध्यापक के 595 पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रियाधीन है, जबकि सहायक प्राध्यापक के 625, ग्रंथपाल के 50 और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव लोक सेवा आयोग को भेजा गया है। इसके अलावा 362 सहायक प्राध्यापकों को प्राध्यापक पद पर पदोन्नति दी गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अध्यापन कार्य के लिए 3236 अतिथि व्याख्याताओं की व्यवस्था भी की गई है।
बैठक में विश्वविद्यालयों में नए विभागों और पाठ्यक्रमों की शुरुआत, पीएम उषा एवं रूसा के तहत अधोसंरचना विकास तथा डिजिटल शिक्षा सेवाओं के विस्तार की भी समीक्षा की गई। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एकीकृत प्रवेश पोर्टल और ई-ज्ञानार्जन मोबाइल ऐप विकसित करने की पहल की जा रही है। बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा सहित मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इन पहलों के माध्यम से प्रदेश में उच्च शिक्षा को आधुनिक तकनीक, व्यावहारिक ज्ञान और रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।