मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले- छत्तीसगढ़ बन रहा मध्य भारत का मेडिकल हब, नवा रायपुर में विकसित होगी मेडिसिटी और फार्मा पार्करायपुर, छत्तीसगढ़ में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में रायपुर में ओमेगा मेडिसिन अस्पताल के कैंसर उपचार केंद्र का भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेशवासियों को बेहतर, सुलभ और किफायती उपचार उपलब्ध कराना है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम होगी और मरीजों को अपने प्रदेश में ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। छत्तीसगढ़ तेजी से मध्य भारत के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में विकसित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का असर पूरे परिवार पर पड़ता है। इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने से आर्थिक बोझ और परेशानियां बढ़ती हैं। ओमेगा अस्पताल का प्रस्तावित कैंसर उपचार केंद्र छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों के मरीजों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। इससे विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक उपचार सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ेगी।
आयुष्मान योजना से जरूरतमंदों को राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को उपचार में आर्थिक सहायता मिल रही है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के जरिए भी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों की मदद कर रही है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक तंगी किसी भी व्यक्ति के इलाज में बाधा न बने।
उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों तक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। दूरस्थ वनांचलों और जनजातीय क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य शिविर, जांच और उपचार की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को इलाज के लिए बड़े शहरों तक नहीं जाना पड़े।
नवा रायपुर में 200 एकड़ में मेडिसिटी और फार्मा पार्क
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर में लगभग 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी और फार्मा पार्क विकसित किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं से सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाओं, फार्मा उद्योग और चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही डॉक्टरों, नर्सों, तकनीशियनों और अन्य युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को आधुनिक उपचार और मेडिकल टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी निवेश को प्रोत्साहित करने से अस्पतालों और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा। सरकारी और निजी संस्थानों के समन्वय से प्रदेशवासियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी कैंसर उपचार केंद्र की पहल को महत्वपूर्ण बताते हुए अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, अस्पताल के डायरेक्टर सुशील शर्मा, ओमेगा ग्रुप के सीईओ सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।