प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह आयोजित किया गया। बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन, संघर्ष, सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष से अधिक की उनकी राजनीतिक यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है और उनके संकल्प, अनुशासन व सेवा भावना से युवाओं को सीख लेने की जरूरत है।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ पर जोर
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को पूरा करने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। इसी तरह छत्तीसगढ़ को भी विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सरकार के साथ समाज के हर वर्ग को योगदान देना होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान में सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बस्तर में बदल रहे हालात, विकास को मिल रही रफ्तार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर में लंबे समय तक हिंसा और भय का माहौल रहा, लेकिन अब वहां परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और सरकारी योजनाओं की पहुंच दूरस्थ इलाकों तक बढ़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बस्तर के युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
किसानों और महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। वहीं, महतारी वंदन योजना के जरिए प्रदेश की करीब 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत होने के साथ परिवार के फैसलों में उनकी भागीदारी भी बढ़ी है।
रेल और जनजातीय क्षेत्रों में बढ़ रहा काम
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं और कनेक्टिविटी के विस्तार पर तेजी से काम हो रहा है। प्रदेश में करीब 51 हजार करोड़ रुपये के रेल कार्य चल रहे हैं, जबकि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत राज्य के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
निवेश के लिए छत्तीसगढ़ को लेकर बढ़ी रुचि
मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वहां उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा में छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर रुचि दिखाई गई। उन्होंने बताया कि 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा में राज्य में निवेश की संभावनाओं पर बात की है।
सीएम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।