रायपुर। राजधानी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेले में पहले ही दिन युवाओं की बड़ी भीड़ उमड़ी। रोजगार की तलाश में प्रदेशभर से पहुंचे 5,018 युवाओं ने पंजीयन कराया, जबकि 85 निजी संस्थानों की प्रारंभिक चयन प्रक्रिया में दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
मेले में अलग-अलग क्षेत्रों की निजी कंपनियों और संस्थानों ने रिक्त पदों के लिए युवाओं के साक्षात्कार और अन्य चयन प्रक्रियाएं आयोजित कीं। अभ्यर्थियों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर किया गया। इस दौरान युवाओं ने अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
रोजगार मेले के जरिए नौकरी देने वाले संस्थानों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को एक ही मंच पर लाने का प्रयास किया गया। इससे अभ्यर्थियों को कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत करने और अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी के अवसर तलाशने का मौका मिला।
चयनित युवाओं को आज मिलेंगे नियुक्ति पत्र
रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित मंत्रीगण की मौजूदगी में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही चयनित युवाओं के रोजगार का रास्ता साफ होगा।