रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच होने वाली टी-20 सीरीज को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीरीज के तीन मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को खेले जाएंगे। व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में मैच के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बिजली, स्वास्थ्य, फायर सेफ्टी और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को सभी संबंधित विभागों और आयोजक संस्थाओं के साथ समन्वय कर व्यवस्थाएं समय पर पूरी रखने के निर्देश दिए।

दर्शकों के लिए ओपन वाई-फाई और पार्किंग व्यवस्था

मैच देखने आने वाले दर्शकों के ई-टिकट आसानी से स्कैन हो सकें, इसके लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। टिकट ऑनलाइन जारी किए जाएंगे और टिकट पर स्टेडियम का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास भी दिए जाएंगे। स्टेडियम और सभी पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पुलिस, एनआरडीए, छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ और बीसीसीआई के समन्वय से संभाली जाएगी। बिजली की व्यवस्था सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग की ओर से की जाएगी।

एंबुलेंस और ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था

स्वास्थ्य विभाग नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग करेगा और स्टेडियम में एंबुलेंस तैनात रहेगी। आपात स्थिति में इलाज और वीवीआईपी आवागमन को ध्यान में रखते हुए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग भी निर्धारित किया गया है। फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और आपातकालीन निकासी के लिए रूट भी तय किए जाएंगे। स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बीएसएनएल को दी गई है। मैचों के सुचारू संचालन के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी भी गठित की गई है, जिसमें पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *